Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन पर जनपद की सभी न्याय पंचायतों में चलाए जा रहे जन-जन की सरकार,जन-जन के द्वार अभियान के तहत विकासखंड दुगड्डा की न्याय पंचायत फरसूला में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 522 लोगों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान 78 शिकायतें दर्ज की गईं,जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं 122 लोगों को विभिन्न विभागीय योजनाओं का लाभ दिया गया। शिविर की अध्यक्षता पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय ने की। उन्होंने कहा कि सरकार की इस पहल से आम जनता को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने स्थानीय लोगों को कहा कि अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ लें। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से समस्याओं का समाधान और योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है। पीडी डीआरडीए ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में दर्ज शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन शिकायतों का समाधान मौके पर नहीं हो पाया है उनका शीघ्र निस्तारण करना सुनिश्चित करें। शिविर में 23 विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। विभागीय स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभ प्रदान किया गया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख सूरज नेगी,ज्येष्ठ प्रमुख सुनील कुमार,अधिशासी अभियंता जल निगम आशीष मिश्रा,खंड विकास अधिकारी विद्यादत्त रतूड़ी,ग्राम प्रधान रेखा देवी,किरण देवी,विनोद,प्रभा देवी सहित अन्य अधिकारी,जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp