Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन पर जनपद की सभी न्याय पंचायतों में चलाए जा रहे जन-जन की सरकार,जन-जन के द्वार अभियान के तहत विकासखंड कल्जीखाल की न्याय पंचायत बिलखेत में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 603 लोगों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान 24 शिकायतें दर्ज की गई,जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं 137 लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया गया। शिविर की अध्यक्षता संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी ने की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से किया जाय। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है और ऐसे शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को सीधे राहत देने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने कहा कि जिन शिकायतों का समाधान मौके पर नहीं हो पाया है,उनका संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा तत्काल निस्तारण कर आवेदकों को सूचित किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि शिविरों में अधिक से अधिक पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ते हुए लाभ दिया जाए। शिविर में 23 विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। स्टॉलों के माध्यम से विभिन्न विभागों ने मौके पर ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया। वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख कल्जीखाल गीता देवी,नोडल अधिकारी शिविर एवं परियोजना प्रबंधक स्वजल दीपक रावत,खंड विकास अधिकारी चंद्र प्रकाश बलूनी,तहसीलदार दीवान सिंह राणा,खंड शिक्षाधिकारी संजय सिंह सहित अन्य अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp