Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाए जाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में नवंबर 2025 से लगातार स्वच्छता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में 7 फरवरी 2026 को पूरे जनपद में मेगा स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान को जनसहभागिता के साथ सफल बनाने के लिए मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा ने शुक्रवार को विकास भवन परिसर से 50 प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये प्रचार वाहन जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर नागरिकों को स्वच्छता अभियान में भागीदारी के लिए जागरूक करेंगे। 7 फरवरी को आयोजित मेगा स्वच्छता अभियान के तहत जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधान के नेतृत्व में जनसमुदाय के सहयोग से सफाई अभियान चलाया जाएगा। प्रत्येक ग्राम पंचायत के लिए एक कार्मिक को नोडल अधिकारी के रूप में तैनात किया गया है,जो ग्राम के प्रवेश और निकास मार्ग,पंचायत भवन,सामुदायिक भवन,विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र और स्वास्थ्य उपकेंद्रों में स्वच्छता कार्य सुनिश्चित करेंगे। स्वच्छता अभियान में स्वयंसेवी संस्थाएं, महिला मंगल दल,युवक मंगल दल,आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। ग्राम पंचायत स्तर पर किए गए स्वच्छता कार्यों के गुणवत्तापूर्ण जियोटैग फोटो नोडल अधिकारियों द्वारा उपलब्ध कराए जाएंगे। न्याय पंचायत स्तर के प्रभारी अधिकारी अपने क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों में अभियान का अनुश्रवण करेंगे और जियोटैग फोटो ब्लॉक कार्यालय को उपलब्ध कराएंगे। अभियान के अंतर्गत दुकानदारों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को अपने-अपने प्रतिष्ठानों पर डस्टबिन रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा। ग्रामीण कस्बों,बाजारों और पैठ बाजारों में स्वच्छता एवं सफाई का कार्य जिला पंचायत द्वारा कराया जाएगा। एकत्रित प्लास्टिक कचरे को ब्लॉक स्तर पर जिला पंचायत द्वारा संचालित कॉम्पेक्टर तक भेजा जाएगा।कार्यक्रम में जिला पंचायत राज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह,स्वजल नोडल अधिकारी चंद्रकांत त्रिपाठी,सहायक जिला पंचायत राज अधिकारी हेम चंद्र,सहायक विकास अधिकारी बहादराबाद बिजेंद्र सैनी,ग्राम पंचायत विकास अधिकारी कुलदीप सिंह चौहान,अजय चौहान,अमरीश सैनी,अमित सैनी,हिमांशु शर्मा,शान्तनु चौहान,मनोज कुमार,मनोज पोसवाल,इंदूबाला, सुंदरलाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp