प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर नगर निगम के एक वर्ष के कार्यकाल में शहर को एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। नर्सरी रोड स्थित नए रेलवे पुल के पास वह स्थान,जहां बीते 40–50 वर्षों से कूड़े का ढेर और अस्थायी ट्रेंचिंग ग्राउंड बना हुआ था और आधा शहर दुर्गंध व बीमारियों से परेशान रहता था,अब पूरी तरह बदल चुका है। यहां सुंदर रजत जयंती पार्क और आधुनिक वाहन पार्किंग का निर्माण कर लिया गया है। नगर निगम बोर्ड के गठन के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर इस ऐतिहासिक परिवर्तन का उद्घाटन 7 फरवरी को किया जाएगा। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत,महापौर आरती भंडारी नगर निगम के पार्षद तथा नगर आयुक्त नुपुर वर्मा उपस्थित रहेंगे। महापौर आरती भंडारी ने कार्यभार संभालते ही वर्षों से शहरवासियों के लिए परेशानी बने इस कूड़े के ढेर को हटाने और दुर्गंध से निजात दिलाने का संकल्प लिया था। लगातार प्रयासों के बाद यह कार्य पूरा हुआ है, जिससे क्षेत्र की स्वच्छता,सौंदर्य और जनस्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उद्घाटन समारोह के अवसर पर लोकगायक रोहित चौहान और उनके साथियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी,जिससे कार्यक्रम को विशेष स्वरूप मिलेगा। इस अवसर पर शहर को कई विकास कार्यों की सौगात भी दी जाएगी। इनमें रजत जयंती पार्क का लोकार्पण,महादेव पार्किंग और रजत जयंती पार्किंग का उद्घाटन,वाल्मीकि चौक का भूमि पूजन,विद्युत वाहन चार्जिंग स्टेशन का शिलान्यास,मां धारी देवी ग्लो संकेत बोर्ड का उद्घाटन,श्वान पशु नसबंदी हेतु एबीसी परिसर का लोकार्पण तथा डांग सिंद्रीगाड़ से ऐठाना और ग्लास हाउस रोड तक विद्युत स्तंभों का लोकार्पण शामिल है। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनें। महापौर आरती भंडारी ने कहा कि श्रीनगर शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। दशकों से कूड़े के ढेर और दुर्गंध से जूझ रहे क्षेत्र को अब एक सुंदर पार्क और उपयोगी पार्किंग के रूप में विकसित किया गया है। यह केवल एक पार्क नहीं,बल्कि शहर में सकारात्मक बदलाव और विकास की सोच का प्रतीक है। आने वाले समय में नगर निगम श्रीनगर को एक आदर्श शहर के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।
