Spread the love

श्री श्याम पोर्टल-प्रदीप कुमार 

श्रीनगर गढ़वाल में नगर निगम श्रीनगर बोर्ड के गठन के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नवनिर्मित रजत जयंती पार्किंग में विकास कु एक साल कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर नगर निगम द्वारा बीते एक वर्ष में कराए गए विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम के दौरान रजत जयंती पार्क वेस्ट टू वंडर पार्क,महादेव पार्किंग,वाल्मीकि चौक का भूमि पूजन,मां धारी देवी ग्लो साइन बोर्ड का उद्घाटन ,इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन का शिलान्यास,श्वान पशुओं के लिए एबीसी सेंटर का लोकार्पण,डांग सिंद्रीगाड़ एवं ग्लास हाउस तक पथ प्रकाश व्यवस्था के लिए विद्युत स्तंभों का लोकार्पण सहित अनेक जनहितकारी योजनाओं का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर नगर निगम के सभी पार्षदों को विकास कु एक साल स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही स्वच्छता प्रहरी पर्यावरण मित्रों एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम श्रीनगर के पंचांग का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मेयर आरती भंडारी ने कहा कि विकास कु एक साल केवल नारा नहीं बल्कि धरातल पर दिखाई देने वाला बदलाव है। उन्होंने बताया कि बीते एक वर्ष में निगम बोर्ड ने जनसमस्याओं को प्राथमिकता देते हुए कई ऐतिहासिक कार्य किए हैं। तिवारी मोहल्ले में लंबे समय से समस्या बने नाले का निर्माण पूर्ण किया गया है। नर्सरी रोड के पास वर्षों से जमा कूड़े के ढेर को हटाकर रजत जयंती पार्क और पार्किंग का निर्माण किया गया,जो श्रीनगर के लिए बड़ी उपलब्धि है। इसके समीप टिन शेड का पुनर्निर्माण कर बारात घर बनाया जाएगा तथा गंगा पथ विकसित किया जाएगा। मेयर ने बताया कि वाल्मीकि चौक का निर्माण निगम की पहली बोर्ड बैठक में प्रस्तुत पहला प्रस्ताव था,जिसका आज भूमि पूजन संपन्न हुआ। स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करते हुए निगम क्षेत्र में डोर टू डोर कूड़ा उठान व्यवस्था लागू की गई है। आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से शत प्रतिशत घरों से कूड़ा एकत्र किया जा रहा है और सभी कूड़ा वाहनों में जीपीएस प्रणाली लगाई गई है। उन्होंने बताया कि निगम क्षेत्र की 165 आंतरिक सड़कों और नालियों का सुधारीकरण छह करोड़ 36 लाख 46 हजार रुपये की लागत से पूरा किया गया है। इसके अतिरिक्त एक करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से अन्य सड़कों का डामरीकरण किया गया है,जबकि तीन करोड़ 25 लाख 30 हजार रुपये की लागत से अन्य मार्गों पर कार्य प्रगति पर है। नगर निगम द्वारा 500 गोवंश क्षमता वाली गौशाला का निर्माण चार करोड़ 55 लाख 93 हजार रुपये की लागत से किया गया है,जहां पशु चिकित्सक,टैगिंग और डाटा संरक्षण की व्यवस्था है। आवारा श्वान पशुओं के लिए 95 लाख 60 हजार रुपये की लागत से एबीसी सेंटर और 11 लाख 61 हजार रुपये की लागत से डॉग पॉन्ड का निर्माण किया गया है। श्रीनगर में कूड़े के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए सात करोड़ आठ लाख 96 हजार रुपये की लागत से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्लांट भी स्थापित किया जा रहा है। मेयर ने बताया कि निगम क्षेत्र में अब तक 390 विद्युत स्तंभ और एलईडी लाइटें लगाई जा चुकी हैं तथा अतिरिक्त 300 विद्युत स्तंभ लगाए जा रहे हैं। कुल 835 विद्युत स्तंभ और 4200 एलईडी लाइटों के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप श्रीनगर को सोलर सिटी के रूप में विकसित करने के लिए डीपीआर शासन को भेजी जा चुकी है,जिससे भविष्य में बिजली बिल में बड़ी बचत होगी। कार्यक्रम के अंत में मेयर आरती भंडारी ने कहा कि सहयोगी पार्षदों और जनसमर्थन के साथ नगर निगम श्रीनगर को प्रदेश का सबसे स्वच्छ,सुंदर और सुव्यवस्थित शहर बनाने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp