Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। आगामी होली पर्व एवं रमजान माह के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशानुसार जनपद के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी श्रीनगर अनुज कुमार और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली श्रीनगर द्वारा कोतवाली परिसर में सीएलजी सदस्यों एवं संभ्रांत नागरिकों के साथ गोष्ठी आयोजित कर जनसंवाद स्थापित किया गया।बैठक में उपस्थित नागरिकों से सुझाव प्राप्त किए गए और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। जनपद के अन्य थाना क्षेत्रों रिखणीखाल लैंसडाउन सतपुली और पैठाणी-में भी संबंधित थाना प्रभारियों ने स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के लिए दिशा-निर्देश साझा किए। बैठक के दौरान अपील की गई कि होली और रमजान ईद आपसी प्रेम सम्मान और सामाजिक समरसता के प्रतीक हैं। इन्हें मर्यादित और जिम्मेदारी के साथ मनाया जाए। जबरन रंग लगाने हुड़दंग अभद्र व्यवहार नशे की स्थिति में वाहन संचालन और सार्वजनिक शांति भंग करने जैसी गतिविधियों से दूर रहने को कहा गया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारों की आड़ में माहौल खराब करने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पर्व के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी नियमित गश्त और सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए शांति और सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp