प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल।सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत जनपद स्तरीय अधिकारी विभिन्न ग्राम पंचायतों का भ्रमण करेंगे। इस दौरान अधिकारी ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही समाधान करेंगे तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी देंगे। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में माह मार्च के लिए रोस्टर जारी किया गया है। मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। जनपद स्तरीय अधिकारी ग्राम पंचायतों में पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे और समाधान के साथ उन्हें विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी देंगे।जारी रोस्टर के अनुसार उप वन संरक्षक रजत सुमन जिला सूचना अधिकारी वीरेश्वर तोमर तथा जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉ.दीपा तिलारा विकासखंड अगस्त्यमुनि की ग्राम पंचायत स्यूंड में बैठक करेंगे।अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा उप निदेशक खान वीरेंद्र कुमार और जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे ग्राम पंचायत जाखणी में भ्रमण करेंगे। उपजिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया अधिशासी अभियंता मनोज कुमार तथा तहसीलदार जखोली विकासखंड जखोली की ग्राम पंचायत सतनी में बैठक करेंगे। उप जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र महेश प्रकाश और अधिशासी अभियंता एनएच ओंकार पांडेय विकासखंड अगस्त्यमुनि की ग्राम पंचायत धारकोट में ग्रामीणों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम के तहत कुल 15 टीमें गठित की गई हैं जिनमें 45 जनपद स्तरीय अधिकारियों को शामिल किया गया है। सभी अधिकारी अपने-अपने आवंटित ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर बैठक आयोजित करेंगे और फोटोग्राफ सहित आख्या उपलब्ध कराएंगे।
सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम मार्च रोस्टर जारी अधिकारी ग्राम पंचायतों में करेंगे समस्याओं का समाधान
