प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार द्वारा कोतवाली पौड़ी का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सर्वप्रथम सलामी गार्द का अभिवादन स्वीकार कर गार्द का निरीक्षण किया गया। इसके पश्चात थाना अभिलेखों प्रशासनिक कार्यप्रणाली तथा संपूर्ण थाना परिसर का गहन और व्यवस्थित निरीक्षण करते हुए थाना प्रबंधन जनसेवा और अनुशासन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों के रखरखाव सीसीटीएनएस में अद्यतन प्रविष्टियों ऑनलाइन प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण तथा रिकॉर्ड की शुद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अभिलेख प्रबंधन की गुणवत्ता पर सतत कार्य करने और सभी प्रविष्टियों को नियमित रूप से अद्यतन रखने पर जोर दिया गया। उत्कृष्ट कार्य और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देने पर महिला मुख्य आरक्षी उर्मिला को प्रशंसा स्वरूप पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया गया। अन्य कर्मचारियों को भी जिम्मेदारी और दक्षता के साथ दायित्व निर्वहन के लिए प्रेरित किया गया। निरीक्षण के दौरान आम नागरिकों और फरियादियों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से सुना गया। थाना स्तर पर जनसुनवाई प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने शिकायतों के त्वरित समाधान तथा पारदर्शी कार्यप्रणाली अपनाने के निर्देश दिए गए ताकि पुलिस के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत हो। थाने में अनावश्यक रूप से जमा अपराध माल और लंबित प्रकरण न रखने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।सभी मामलों का समयबद्ध गुणवत्तापूर्ण और विधिसम्मत निस्तारण सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। थाना परिसर की स्वच्छता मालखाने की व्यवस्था शस्त्रागार की स्थिति तथा कार्यालयों की सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली का भी निरीक्षण किया गया। ड्यूटी में समयपालन अनुशासन और व्यवहार में मर्यादा बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए गए। निरीक्षण के उपरांत आयोजित कर्मचारी सम्मेलन में सभी अधिकारी और कर्मचारियों को ईमानदारी पारदर्शिता और टीम भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया। जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और पुलिस की सकारात्मक छवि स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया।
