प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पौड़ी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.शिव मोहन शुक्ला द्वारा जिला चिकित्सालय पौड़ी में एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के पहले दिन 7 बालिकाओं का टीकाकरण किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.शिव मोहन शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि आज से शुरू होकर आगामी 90 दिन तक चलने वाले इस अभियान के तहत जनपद में 14 से 15 वर्ष की 4452 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई जाएगी।इस टीकाकरण का उद्देश्य महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि टीके की एक खुराक सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में प्रभावी है और यह टीका पूर्णतः सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि पूर्व में यह टीका निजी चिकित्सा इकाइयों में उपलब्ध था लेकिन अब केंद्र सरकार द्वारा इसे सरकारी चिकित्सालयों में निःशुल्क उपलब्ध कराया गया है। विभाग की ओर से सभी सरकारी चिकित्सा इकाइयों में टीकाकरण की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।जनपद में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेस जिला चिकित्सालय कोटद्वार जिला चिकित्सालय पौड़ी उप जिला चिकित्सालय श्रीनगर तथा बेस चिकित्सालय श्रीनगर सहित कुल 30 चिकित्सा इकाइयों के माध्यम से एचपीवी टीकाकरण किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं के अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बालिकाओं को निकटतम सरकारी चिकित्सा इकाई में ले जाकर एचपीवी वैक्सीन अवश्य लगवाएं। इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.विनय कुमार त्यागी जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ अमित मेहरा प्रभारी चिकित्सा अधिकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परसूंडाखाल डॉ.अलीशा एएनएम विधि भंडारी सहायक प्रतिरक्षण अधिकारी सुशील कुमार सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।
