Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। प्रदेश के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने रविवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज के बेस चिकित्सालय श्रीनगर में पौड़ी जिले में चलाए जा रहे विशाल जनस्वास्थ्य अभियान के तहत राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि देश की बेटियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सरकार प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त हाई-टेक एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर बेस चिकित्सालय को समर्पित किया। एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत तथा हाई-टेक एम्बुलेंस की सौगात मिलने पर स्थानीय लोगों ने मंत्री का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण का नि:शुल्क अभियान शुरू किया गया है।इसके अंतर्गत प्रदेश की 1 लाख 22 हजार बेटियों को 90 दिनों के मेगा अभियान के तहत टीका लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस महाअभियान के सफल संचालन के लिए प्रदेशभर में 155 टीकाकरण केंद्र स्थापित किए गए हैं। बाजार में लगभग साढ़े चार हजार रुपये कीमत वाला यह टीका अब सरकार द्वारा पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि आयुष्मान योजना के बाद बेटियों की सुरक्षा के लिए यह सबसे बड़ा और ऐतिहासिक कदम है। इस दौरान उन्होंने टीकाकरण के लिए पहुंची बालिकाओं को शुभकामनाएं दीं और टीका लगने के बाद प्रमाण पत्र भी वितरित किए। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि बेस चिकित्सालय की मांग पर अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हाई-टेक एम्बुलेंस उपलब्ध कराई गई है। पूरे जिले में अब तक विधायक निधि से सात एम्बुलेंस दी जा चुकी हैं जिससे आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि बेस चिकित्सालय में प्रतिदिन एक हजार से अधिक मरीज पहुंचते हैं। मरीजों और तीमारदारों की सुविधा को देखते हुए अस्पताल परिसर में तीन मंजिला पार्किंग निर्माण के लिए तीन करोड़ रुपये स्वीकृत किए जाएंगे। इसके लिए शीघ्र ही शासनादेश जारी कर भूमि पूजन किया जाएगा। मंत्री ने बताया कि डॉक्टरों छात्रों और अन्य स्टाफ को आवासीय समस्या से निजात दिलाने के लिए डैम कॉलोनी में मिली 400 नाली भूमि पर आवासों का निर्माण किया जाएगा। मेडिकल कॉलेज को लगभग 30 करोड़ रुपये की धनराशि प्रदान की जा चुकी है जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ किया जाएगा। इस अवसर पर क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और बेटियों के सुरक्षित भविष्य के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से दिखाई दी। कार्यक्रम में प्रभारी प्राचार्य डॉ.विनिता रावत सीएमओ पौड़ी शिव मोहन शुक्ला सीएमएस डॉ.विमल गुंसाई प्रभारी एमएस डॉ.दीपा हटवाल भाजपा मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल जिला महामंत्री गणेश भट्ट सहित अनेक अधिकारी-कर्मचारी पार्षद एएनएम आशा कार्यकर्त्रियां एवं भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp