Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार अभियान के तहत विकासखंड कल्जीखाल की न्याय पंचायत अगरोड़ा में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 24 शिकायतें दर्ज की हुई जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया जबकि शेष शिकायतों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।शिविर की अध्यक्षता संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी ने की। उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनते हुए कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया। साथ ही शेष शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने कहा कि क्षेत्रीय अधिकारी नियमित रूप से फील्ड में जाकर आमजन की समस्याओं को सुनें और यथासंभव मौके पर ही उनका समाधान करें ताकि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण भी किया और अधिकारियों को जनहित योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। नोडल अधिकारी शिविर एवं मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा ने बताया कि शिविर में स्वास्थ्य विभाग समाज कल्याण राजस्व वन आयुर्वेदिक एवं यूनानी पशुपालन कृषि और उद्यान सहित कुल 23 विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। विभिन्न विभागों की ओर से 106 लोगों को मौके पर ही सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया जबकि पांच लोगों के विभिन्न प्रमाण पत्र भी बनाए गए। इस अवसर पर कनिष्ठ उप प्रमुख दीपक असवाल क्षेत्र पंचायत सदस्य सुषमा बिष्ट ग्राम प्रधान अगरोड़ा वंदना बिष्ट खंड विकास अधिकारी चंद्र प्रकाश बलूनी मत्स्य निरीक्षक पुरुषोत्तम गुसाईं सहित अन्य अधिकारी और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp