प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जैव प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा देने से पाओ (Give to Gain) विषय पर विशेष ऑनलाइन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम समाज में सहयोग समान अवसर और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से महिलाओं के सशक्तिकरण को बढ़ावा देने पर केंद्रित रही। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ.सौरभ यादव के स्वागत भाषण से हुआ जिसमें उन्होंने अतिथियों का स्वागत करते हुए महिला सशक्तिकरण और समाज में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन डॉ.पवन सिंह राणा ने किया। मुख्य वक्ताओं के रूप में काउंसलिंग मनोवैज्ञानिक श्रीमती लीना गुरूंग और मेजर (डॉ.) खुशबू गौर उपस्थित रहीं। गुरूंग ने प्रतिस्पर्धात्मक शैक्षणिक वातावरण में मानसिक स्वास्थ्य विषय पर अपने विचार साझा किए और छात्रों को मानसिक संतुलन बनाए रखने तनाव प्रबंधन तथा सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया। वहीं मेजर (डॉ.) गौर ने सशक्त महिला सशक्त राष्ट्र विषय पर अपने अनुभव साझा किए और महिलाओं के विभिन्न क्षेत्रों में योगदान को उजागर किया। कार्यक्रम के अंत में विभागाध्यक्ष प्रो.पूजा सकलानी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व को रेखांकित किया।उन्होंने कहा कि यह दिवस महिलाओं की उपलब्धियों उनके संघर्ष और समाज में उनके योगदान को स्मरण करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को महिलाओं के प्रति सम्मान समानता और नेतृत्व की भावना को बढ़ाने के लिए प्रेरित करते हैं तथा समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए उत्साहित करते हैं। कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष प्रो.पूजा सकलानी डॉ.एस.के.एस. पटेल डॉ.सौरभ यादव सहित विभाग के अन्य संकाय सदस्य शोधार्थी और स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के 100 से अधिक छात्र-छात्राएं ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए। इसके अतिरिक्त विभिन्न क्षेत्रों से कई गणमान्य व्यक्तित्व भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
