प्रदीप कुमार
भगवानपुर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार के भगवानपुर क्षेत्र में नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर ले जाने और छेड़खानी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 7 मार्च 2026 को वादी ने कोतवाली भगवानपुर में तहरीर देकर बताया कि उसकी नाबालिग बेटी और उसकी सहेली को आस मोहम्मद और निखिल बहला-फुसलाकर गलत नीयत से चौली स्थित एक शोरूम में ले गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर वादी की मौजूदगी में दोनों नाबालिग लड़कियों को सकुशल बरामद कर लिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल बीएनएस और पोक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आस मोहम्मद पुत्र सत्तार निवासी ग्राम चौली कोतवाली भगवानपुर और निखिल पुत्र विजयपाल निवासी ग्राम खुब्बनपुर कोतवाली भगवानपुर हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में महिला उपनिरीक्षक किरण गुसाई कांस्टेबल दीपक ममगाई और कांस्टेबल रविन्द्र राणा शामिल रहे।
