Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल।आगामी कुंभ मेले को लेकर मेला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं को सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मेला क्षेत्र के घाटों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को अपर मेलाधिकारी दयानन्द सरस्वती ने अभियंताओं की टीम के साथ स्वर्गाश्रम क्षेत्र के घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाटों की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान वेद निकेतन घाट गंगा दर्शन घाट लक्ष्मी नारायण घाट साधु समाज घाट वानप्रस्थ घाट बॉम्बे घाट किरमोला घाट सहित कुल 16 घाटों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान घाटों की मरम्मत और सुधार कार्यों को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। अपर मेलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घाटों की मरम्मत और सुधार कार्य शीघ्र पूर्ण किए जाएं तथा सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाए। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घाटों पर पर्याप्त रेलिंग लगाने और जलधारा के समीप चेन लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने सिंचाई विभाग के अभियंताओं को निर्देशित किया कि घाटों से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। साथ ही मेले के दौरान अधिक भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के सभी इंतजाम प्राथमिकता के आधार पर किए जाएं। अपर मेलाधिकारी ने घाटों के आसपास प्रकाश व्यवस्था साफ-सफाई और मार्गों की सुगमता पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए ताकि कुंभ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम स्नान की सुविधा मिल सके। निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल मेला कार्यालय के तकनीकी प्रकोष्ठ के सहायक अभियंता एस.के.तोमर सिंचाई खंड दुगड्डा के सहायक अभियंता जिले सिंह सहित मेला प्रशासन और सिंचाई विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp