Spread the love

स्वच्छता ही सेवा-जिला न्यायालय पौड़ी गढ़वाल द्वारा 18 मई को स्वच्छता अभियान का आयोजन

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल।उत्तराखण्ड राज्य,विधिक सेवा प्राधिकरण,नैनीताल के निर्देशों के अनुपालन में,जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी गढ़वाल के तत्वावधान में दिनांक 18 मई 2025 (रविवार) को प्रातः7:30 बजे स्वच्छता अभियान का आयोजन किया जायेगा। यह अभियान जिला न्यायालय परिसर पौड़ी तथा जनपद के अन्य न्यायालय परिसरों में एक साथ आयोजित किया जायेगा।जिला न्यायालय एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण,पौड़ी गढ़वाल के अध्यक्ष/जिला जज अकरम अली ने बताया कि इस स्वच्छता अभियान का उद्देश्य केवल न्यायालय परिसरों की साफ-सफाई ही नहीं,बल्कि समाज में स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता उत्पन्न करना भी है। पर्यावरण को स्वच्छ और स्वस्थ बनाए रखना हम सभी का नैतिक एवं सामाजिक कर्तव्य है,इसी भावना के अंतर्गत यह अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने जनपद के समस्त न्यायिक अधिकारियों,कर्मचारियों एवं अधिवक्ता साथियों से अनुरोध किया कि वे इस अभियान में सक्रिय सहभागिता करें और स्वच्छ भारत मिशन को सशक्त बनाने में अपना योगदान दें। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि स्वच्छता कार्यक्रम न केवल न्यायिक संस्थाओं की सामाजिक जिम्मेदारी को दर्शाता है,बल्कि यह संदेश भी देता है कि स्वच्छता एक सामूहिक प्रयास है,जो नागरिक सहभागिता से ही संभव है।इस अभियान में जनपद न्यायालय पौड़ी गढ़वाल के समस्त न्यायिक अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण,बाह्य न्यायालय कोटद्वार,श्रीनगर एवं लैंसडाउन के न्यायिक अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत जनपद के समस्त बार एसोसिएशन के अध्यक्ष,सचिव एवं अधिवक्तागण प्रतिभाग करेंगे।अभियान की शुरुआत प्रातः 7:30 बजे जिला न्यायालय परिसर पौड़ी में की जायेगी।अन्य न्यायालय परिसरों में यह कार्यक्रम स्थानीय समयानुसार संपन्न होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp