Spread the love

प्रदीप कुमार
गोपेश्वर/श्रीनगर गढ़वाल। सुभाषनगर क्षेत्र में घर का ताला तोड़कर सोने का गुलबंद चोरी करने की घटना का गोपेश्वर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी के साथ चोरी का माल खरीदने वाले जौहरी को भी गिरफ्तार कर लिया,13 मार्च 2026 को पूजा देवी पत्नी दीपक आर्या निवासी सुभाषनगर गोपेश्वर ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि 11 मार्च को घर पर कोई नहीं था। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर का ताला तोड़कर अलमारी में रखा करीब 2.50 लाख रुपये कीमत का सोने का गुलबंद चोरी कर लिया। तहरीर के आधार पर कोतवाली गोपेश्वर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास जानकारी जुटाई और मुखबिरों को सक्रिय किया। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध प्रकाश आर्य पुत्र दर्शन लाल निवासी सुभाषनगर मल्ला नैग्वाड़ गोपेश्वर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अलमारी का लॉक तोड़कर सोने का गुलबंद चोरी किया था और बाद में उसे 10 हजार रुपये में मंदिर मार्ग स्थित एक जौहरी को बेच दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मंदिर मार्ग स्थित रस्तोगी ज्वेलर्स के ध्रुव रस्तोगी पुत्र राजीव रस्तोगी निवासी मंदिर मार्ग गोपेश्वर को चोरी का माल खरीदने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घरों के ताले सुरक्षित रखें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। साथ ही स्वर्णकारों को चेतावनी दी गई है कि बिना बिल या पहचान पत्र के आभूषण खरीदने पर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp