Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। विधानसभा बजट सत्र की ड्यूटी से लौट रहे पुलिस और फायर कर्मियों ने मानवता का परिचय देते हुए पेड़ों की टहनियों में फंसी एक गाय को सुरक्षित बाहर निकालकर उसकी जान बचाई। घटना उस समय की है जब विधानसभा सत्र की समाप्ति के बाद फायर कर्मी अनूप सरकारी वाहन से वापस लौट रहे थे। दीवालीखाल से लगभग दो किलोमीटर आगे आदिबद्री की ओर जाते समय उनकी नजर सड़क से नीचे झाड़ियों के पास पड़ी, जहां एक गाय पेड़ की दो टहनियों के बीच गर्दन फंसाकर जिंदगी और मौत से जूझ रही थी। अनूप ने तुरंत वहां से गुजर रहे यजुवेंद्र रावत और पुलिस कार्यालय के अन्य कर्मियों को इसकी जानकारी दी। कुछ ही देर में ड्यूटी से लौट रहे फायर स्टेशन ज्योतिर्मठ और उत्तरकाशी के पुलिस जवान भी मौके पर रुक गए और सभी ने मिलकर गाय को बचाने का प्रयास शुरू किया। बताया गया कि गाय पिछले दो से तीन दिनों से वहीं फंसी हुई थी और भूख-प्यास से कमजोर हो चुकी थी। जवानों ने काफी मशक्कत कर पेड़ों की टहनियों को काटा और सावधानी से गाय को बाहर निकाला। इसके बाद सभी ने मिलकर गाय को सुरक्षित सड़क तक पहुंचाया और उसे पानी व चारा दिया। घटना की जानकारी पशुपालन विभाग को भी दी गई ताकि गाय का उपचार कराया जा सके।पुलिस और फायर कर्मियों की इस मानवीय पहल की स्थानीय लोगों द्वारा सराहना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *