Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। सरस्वती शिशु मंदिर श्रीनगर के कक्षा 5 के मेधावी छात्र अभिनव जोशी ने जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा 2026-27 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अखिल भारतीय स्तर पर चौथा स्थान तथा पौड़ी जनपद में पहला स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र और प्रदेश में खुशी का माहौल है। नवोदय विद्यालय समिति द्वारा 17 मार्च 2026 को घोषित परिणामों में अभिनव ने कड़ी मेहनत अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर यह सफलता हासिल की। लाखों विद्यार्थियों के बीच इस प्रकार का प्रदर्शन करना बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के उपलक्ष्य में 18 मार्च को सरस्वती शिशु मंदिर श्रीनगर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य गोविंद और भाजपा जिला महामंत्री गणेश भट्ट ने अभिनव जोशी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान गणेश भट्ट ने वंदना सत्र को संबोधित करते हुए अभिनव की सफलता की सराहना की और विद्यार्थियों को शिक्षा अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसी उपलब्धियां प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला होती हैं और समाज को प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने में सहयोग करना चाहिए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए उन्होंने सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे और सही उत्तर देने वाले बच्चों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इससे विद्यालय में सकारात्मक वातावरण और सीखने की प्रेरणा देखने को मिली। विद्यालय के प्रधानाचार्य गोविंद ने इस सफलता को विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा शिक्षकों की मेहनत और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम बताया।उन्होंने कहा कि अभिनव की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। अभिनव जोशी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों और अभिभावकों को दिया।विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और स्थानीय लोगों ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp