Spread the love

प्रदीप कुमार
सतपुली-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। थाना सतपुली क्षेत्र में गुमशुदा युवती को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हरियाणा से सकुशल बरामद कर परिजनों को राहत पहुंचाई है। वादी रोशन लाल द्वारा थाना सतपुली में दी गई तहरीर में बताया गया कि उनकी 21 वर्षीय पुत्री 10 फरवरी 2026 को घर से घास लेने गई थी लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बावजूद कोई सुराग न मिलने पर थाना सतपुली में गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत मामले को प्राथमिकता देते हुए थानाध्यक्ष सतपुली पंकज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मैनुअल माध्यमों से जांच करते हुए स्थानीय सूचनाएं जुटाई संभावित स्थानों की तलाश की और सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। पुलिस टीम के सघन प्रयासों के चलते युवती को सोनीपत हरियाणा से सकुशल बरामद कर लिया गया। पूछताछ में युवती ने बताया कि उसने अपनी इच्छा से गाजियाबाद स्थित आर्य समाज ट्रस्ट में देवेंद्र निवासी सिलोली लैंसडाउन के साथ विवाह कर लिया था और उसके साथ सोनीपत चली गई थी। पुलिस द्वारा युवती और उसके परिजनों की काउंसलिंग की गई। विवाह से संबंधित दस्तावेजों का परीक्षण कर संतुष्ट होने के बाद परिजनों की सहमति से युवती को उसके पति के साथ भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp