Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। स्वास्थ्य विभाग पौड़ी द्वारा राष्ट्रीय मुख स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत वर्ल्ड ओरल हेल्थ डे के अवसर पर जिला चिकित्सालय स्थित एनसीडी क्लीनिक के दंत विभाग में विशेष स्क्रीनिंग एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत दंत शल्यक डॉ.शशांक उनियाल द्वारा क्लीनिक में आए लोगों की मुख जांच की गई तथा स्वस्थ मुंह खुशहाल जीवन थीम के तहत आमजन को मुख स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। डॉ.उनियाल ने बताया कि अधिकांश लोग मुंह और दांतों से जुड़ी समस्याएं बढ़ने के बाद ही चिकित्सक के पास पहुंचते हैं जबकि समय पर जांच न कराना गंभीर बीमारियों विशेषकर ओरल कैंसर का कारण बन सकता है। उन्होंने बताया कि मुंह में दो सप्ताह से अधिक समय तक ठीक न होने वाले छाले सफेद या लाल धब्बे मसूड़ों से खून आना कान में दर्द मुंह कम खुलना निगलने में परेशानी या आवाज में बदलाव जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। उन्होंने लोगों को दांतों की नियमित सफाई पर जोर देते हुए बताया कि बैक्टीरिया और गंदगी के कारण कई मुख संबंधी बीमारियां उत्पन्न होती हैं। इससे बचाव के लिए दिन में दो बार ब्रश करना सॉफ्ट ब्रश का उपयोग करना टंग क्लीनर का प्रयोग करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाना आवश्यक है। साथ ही बीड़ी तंबाकू सिगरेट खैनी और गुटका जैसे नशीले पदार्थों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को साल में कम से कम दो बार मुंह की जांच और एक बार दांतों की सफाई अवश्य करानी चाहिए। कार्यक्रम के दौरान क्लीनिक में आए लोगों को टूथपेस्ट भी वितरित किए गए। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.शिव मोहन शुक्ला ने जानकारी दी कि 20 मार्च से 20 अप्रैल 2026 तक पूरे जनपद में मुख स्वास्थ्य जागरूकता माह मनाया जाएगा। इस दौरान ब्लॉक स्तर पर स्कूलों कॉलेजों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में जागरूकता कार्यक्रमों के साथ दंत जांच शिविर भी आयोजित किए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक लोगों को मुख स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा सके। कार्यक्रम में डेंटल हाइजिनिस्ट राखी सिद्धार्थ प्रीति सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp