प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर आस्था के प्रमुख केंद्र मां धारी देवी मंदिर परिसर को सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए नगर निगम श्रीनगर ने पहल शुरू कर दी है। महापौर आरती भंडारी की अध्यक्षता में निगम कार्यालय में स्थानीय दुकानदारों और व्यापार सभा के साथ बैठक आयोजित की गई जिसमें कई महत्वपूर्ण निर्णयों पर चर्चा हुई। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सिंगल विंडो सिस्टम लागू करने मुख्य मार्गों को अतिक्रमण मुक्त बनाने और दुकानों को व्यवस्थित ढंग से स्थापित करने पर सहमति बनी। इन प्रयासों से श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन की सुविधा मिलेगी और व्यापारियों को बेहतर वातावरण प्राप्त होगा।महापौर आरती भंडारी ने कहा कि मां धारी देवी मंदिर क्षेत्र की आस्था और पहचान का प्रमुख केंद्र है इसलिए परिसर को स्वच्छ सुरक्षित और व्यवस्थित रखना प्राथमिकता है। उन्होंने व्यापारियों से सहयोग की अपील करते हुए सामूहिक प्रयासों से धाम को आदर्श धार्मिक स्थल के रूप में विकसित करने की बात कही। बैठक में तहसीलदार दीपक भंडारी पार्षद राजेंद्र नेगी सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी अधिशासी अभियंता पवन कोठियाल कर अधिकारी सुशील कुमार कुरील सहित व्यापार सभा के अध्यक्ष प्रेम चंद्र सचिव विकास मोहन और उपाध्यक्ष कमल किशोर समेत अन्य लोग मौजूद रहे। नगर निगम की इस पहल से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही मां धारी देवी धाम एक सुव्यवस्थित और बेहतर स्वरूप में नजर आएगा।
