Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में आयोजित अंतर-महाविद्यालयी सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रम 2026 का अंतिम दिन उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। मौसम के करवट बदलने और भारी बारिश के कारण प्रतियोगिताओं के स्थानों में परिवर्तन करना पड़ा लेकिन छात्र-छात्राओं के जोश में कोई कमी नहीं दिखी। बारिश को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी प्रतियोगिताएं सीनेट सभागार और एसीएल सभागार में आयोजित कीं। अंतिम दिन एसीएल सभागार में कव्वाली की सुरीली प्रस्तुतियों और शास्त्रीय नृत्य की गरिमामयी झलकियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति को दर्शाते हुए विभिन्न टीमों ने लोकनृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। वहीं सीनेट सभागार में छात्र-छात्राओं ने मिमिक्री और माइम के माध्यम से समसामयिक विषयों पर प्रभावशाली कटाक्ष करते हुए अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियां दीं।
विधायक विनोद कंडारी ने साझा किए छात्र राजनीति के अनुभव


कार्यक्रम के अंतिम दिन मुख्य अतिथि के रूप में देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी उपस्थित रहे। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए अपनी छात्र राजनीति की यादें साझा कीं और बताया कि उनकी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत इसी विश्वविद्यालय से हुई थी। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने वर्तमान छात्रसंघ पदाधिकारियों को मंच पर आमंत्रित किया और युवा नेताओं को सुझाव देते हुए कहा कि राजनीति का आधार सकारात्मकता और सेवा भाव होना चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्र राजनीति में अपनी पहचान बनाने के साथ-साथ गुरुओं का सम्मान करना जरूरी है क्योंकि उनके मार्गदर्शन के बिना शिखर तक पहुंचना संभव नहीं है। इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो.ओ पी गुसाईं ने सभी अतिथियों और विभिन्न महाविद्यालयों से आए प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करते हैं और विभिन्न क्षेत्रों के छात्रों के बीच आपसी समन्वय को भी बढ़ाते हैं। कार्यक्रम में प्रो.एच बी एस चौहान प्रो.मोहन सिंह पंवार प्रो.दीपक कुमार प्रो.अतुल ध्यानी प्रो.राकेश कुंवर प्रो.अरुण रावत सहित विश्वविद्यालय के कई शिक्षक कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
गढ़वाल विश्वविद्यालय में प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं का सम्मान


श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में आयोजित अंतर-महाविद्यालयी सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक प्रतियोगिताओं के अंतिम दिन राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को अधिष्ठाता छात्र कल्याण द्वारा मंच पर सम्मानित किया गया। सम्मानित छात्र-छात्राओं में राष्ट्रीय युवा महोत्सव में नॉर्थ जोन भाषण प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रियंका खत्री कर्तव्य पथ पर प्रतिभाग करने वाली एनसीसी कैडेट हर्षिता मेहता तथा बॉक्सिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक विजेता पंकज रेलकोटिया शामिल रहे। इस अवसर पर बताया गया कि प्रियंका खत्री ने चेन्नई में आयोजित राष्ट्रीय युवा महोत्सव में देशभर के 145 विश्वविद्यालयों के प्रतिभागियों के साथ हिस्सा लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
गढ़वाल विश्वविद्यालय में सांस्कृतिक महोत्सव समापन पर कुलपति ने प्रतिभाओं की सराहना की


श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में आयोजित अंतर-महाविद्यालयी सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक महोत्सव-2026 के भव्य समापन अवसर पर कुलपति प्रोफेसर श्रीप्रकाश सिंह ने विद्यार्थियों के समग्र विकास में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका बताई।‌ उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभागिता से विद्यार्थियों की प्रतिभा निखरती है और नए आयाम स्थापित होते हैं। कुलपति ने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि विपरीत मौसम के बावजूद छात्र-छात्राओं का उत्साह और ऊर्जा प्रेरणादायक रही। उन्होंने विशेष रूप से कव्वाली शास्त्रीय नृत्य और उत्तराखंड के लोकनृत्य की प्रस्तुतियों की प्रशंसा करते हुए इसे विश्वविद्यालय की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक बताया तथा विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को निरंतर विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp