प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। कोतवाली ज्योतिर्मठ का वार्षिक निरीक्षण करते हुए पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने आगामी चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने जवानों को शारीरिक और मानसिक रूप से पूरी तरह तैयार रहने के लिए प्रेरित किया।निरीक्षण के दौरान सबसे पहले सुसज्जित सलामी गार्द का अभिवादन स्वीकार किया गया और उसके बाद कोतवाली परिसर का निरीक्षण किया गया।अभिलेखों के संधारण डिजिटल कार्यप्रणाली स्वच्छता और अनुशासन की स्थिति का जायजा लेते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों और कर्मचारियों से शस्त्रों की हैंडलिंग का अभ्यास कराया और नियमित रूप से प्रशिक्षण जारी रखने को कहा। साथ ही शस्त्रों की साफ-सफाई और रखरखाव को सुनिश्चित करने तथा उसका पूरा विवरण अभिलेखों में दर्ज करने के निर्देश दिए। आगामी चारधाम यात्रा और फायर सीजन को देखते हुए आपदा उपकरणों को पूरी तरह तैयार रखने और एसडीआरएफ के साथ समन्वय स्थापित कर कर्मियों को आपदा प्रबंधन का व्यवहारिक प्रशिक्षण देने पर जोर दिया गया। जवानों से उपकरणों का उपयोग कराकर उनकी तैयारियों का परीक्षण भी किया गया। जोशीमठ क्षेत्र को बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब यात्रा का प्रमुख पड़ाव बताते हुए पूर्व वर्षों की समस्याओं का विश्लेषण कर यातायात पार्किंग और आपदा प्रबंधन की ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और निर्बाध यात्रा मिल सके।निरीक्षण के दौरान सरकारी संसाधनों की स्थिति की भी समीक्षा की गई और खराब सामग्री की मरम्मत या प्रतिस्थापन के लिए तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही थाना परिसर के आवासीय भवनों की मरम्मत को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। आगामी तिमुंड्या मेला और विश्व प्रसिद्ध रम्माण मेला को लेकर भी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने और आयोजकों से समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए।कार्यालय के रजिस्टरों अभिलेखों और मालखाने का बारीकी से निरीक्षण करते हुए उन्हें सुव्यवस्थित रखने और लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया गया।सीसीटीएनएस और महिला हेल्पलाइन से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा कर ऑनलाइन पोर्टलों की कार्यप्रणाली की जानकारी ली गई। निरीक्षण के बाद पुलिस कर्मियों होमगार्ड और पीआरडी जवानों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनी गईं और समाधान के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने सभी को कर्तव्यनिष्ठा अनुशासन और सजगता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करते हुए चारधाम यात्रा के दौरान हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार रहने को कहा। इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र रावत नरेन्द्र पुरी यजुवेन्द्र रावत सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
