Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जन-जन की सरकार 4 साल बेमिसाल कार्यक्रम के अंतर्गत दूसरे दिन मंगलवार को जनपद मुख्यालय गोपेश्वर में विविध सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों का भव्य आयोजन किया गया। गोपेश्वर पीजी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जिला महामंत्री भाजपा विनोद कनवासी एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ.अभिषेक त्रिपाठी द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी अभिषेक गुप्ता द्वारा विश्व क्षय रोग उन्मूलन दिवस के अवसर पर टीबी से बचाव हेतु जन जागरूकता का प्रचार प्रसार भी किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम स्थल पर उत्साह और उल्लास का वातावरण देखने को मिला। सूचना विभाग की सांस्कृतिक टीम रुद्रेश कला मंच तथा विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं जिनमें लोक संस्कृति की झलक साफ दिखाई दी। छात्राओं ने पारंपरिक लोक नृत्यों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के दौरान आयोजित कवि सम्मेलन में स्थानीय कवियों ने अपनी स्वरचित कविताओं से सभी का मन मोह लिया। इस क्रम में बाल कवि कार्तिक तिवारी कवयित्री दीपलता झिगवाण प्रेरणा सेमवाल एवं शशि देवली ने प्रभावशाली काव्य पाठ प्रस्तुत कर जनमानस का मनोरंजन किया तथा अपनी रचनाओं के माध्यम से पहाड़ी संस्कृति समाज और समकालीन विषयों को सुंदर ढंग से अभिव्यक्त किया।इसके अतिरिक्त रामचंद्र भट्ट इंटर कॉलेज गोपेश्वर की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत लोक नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा जिसे उपस्थित जनसमूह ने सराहा। वहीं गोपेश्वर खेल मैदान में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खेल गतिविधियों के माध्यम से युवाओं में ऊर्जा अनुशासन एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा मिला।कार्यक्रम के माध्यम से जनपद में स्थानीय संस्कृति कला एवं खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जनभागीदारी को सुदृढ़ करना तथा विकास के प्रति सकारात्मक वातावरण का निर्माण करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp