Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। वीर चंद्र सिंह गढ़वाली राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर से शुक्रवार को एक सराहनीय पहल के तहत मां पूर्णागिरि स्वास्थ्य सेवा चेतना यात्रा का शुभारंभ किया गया। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ.आशुतोष सयाना ने हरी झंडी दिखाकर इस यात्रा को रवाना किया। इस अवसर पर कॉलेज के चिकित्सक छात्र-छात्राएं और स्वयंसेवक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। यह यात्रा नेशनल मेडिकोस ऑर्गनाइजेशन एनएमओ की इकाई द्वारा आयोजित की जा रही है जिसका उद्देश्य दूरस्थ एवं जरूरतमंद क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। इस अभियान के तहत चिकित्सकों की एक टीम उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर और चंपावत जिलों में दो दिवसीय चिकित्सा शिविर आयोजित करेगी जहां स्थानीय लोगों को निःशुल्क चिकित्सा परामर्श जांच और उपचार की सुविधा प्रदान की जाएगी। प्राचार्य डॉ.आशुतोष सयाना ने टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा चेतना यात्रा केवल उपचार तक सीमित नहीं है बल्कि यह लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि यह यात्रा प्रदेश के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों द्वारा क्रमबद्ध रूप से आयोजित की जा रही है जिससे अधिक से अधिक क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई जा सकें। टीम बस के माध्यम से यात्रा कर रही है जिससे दुर्गम क्षेत्रों तक भी आसानी से पहुंच सुनिश्चित की जा सके। यात्रा से पहले चिकित्सकीय दल को विशेषज्ञ प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस दौरान डॉ.कैलाश गैरोला और डॉ.सुरेंद्र सिंह नेगी ने टीम को आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग दिया जिससे वे क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर सकें। इस पूरे कार्यक्रम का समन्वयन डॉ.अमन भारद्वाज द्वारा किया जा रहा है। टीम में शामिल छात्र-छात्राओं में जतिन ओम केशव प्रभलीन दीपक सहित कई अन्य स्वयंसेवक सक्रिय रूप से भागीदारी निभा रहे हैं। इन युवाओं का उत्साह और सेवा भाव इस यात्रा को और भी प्रभावी बना रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp