प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार द्वारा 28 मार्च 2026 को जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों थाना प्रभारियों अभियोजन इकाई फायर सर्विस दूरसंचार एवं अन्य शाखा प्रभारियों के साथ मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित कर अपराधों की समीक्षा की गई। गोष्ठी की शुरुआत में एसीएमओ भगवती प्रसाद पुरोहित द्वारा मेडिको लीगल विषयों पर विस्तृत व्याख्यान दिया गया। इस दौरान मेडिको लीगल परीक्षण की प्रक्रिया साक्ष्य संकलन की विधि और न्यायिक महत्व के संबंध में विवेचकों को जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि किसी भी आपराधिक प्रकरण में चिकित्सीय परीक्षण साक्ष्यों की प्रमाणिकता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। महिला अपराध चोट यौन अपराध और दुर्घटनाओं से जुड़े मामलों में समयबद्ध परीक्षण की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया गया। विवेचकों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का समाधान करते हुए उन्हें व्यावहारिक मार्गदर्शन भी दिया गया। इस दौरान साक्ष्य संकलन मेडिकल रिपोर्ट की व्याख्या और न्यायालय में साक्ष्य प्रस्तुत करने से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक द्वारा एसीएमओ को सम्मानित करते हुए आभार व्यक्त किया गया। गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक ने भराडीसैंण में आयोजित विधानसभा बजट सत्र को सकुशल सम्पन्न कराने पर पुलिस बल को बधाई दी। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने क्षेत्रों में यात्रा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करें आवश्यकतानुसार नए पार्किंग स्थलों का चिन्हांकन करें और जाम की स्थिति से बचाव के लिए अतिक्रमण हटाने को लेकर संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करें। चारधाम यात्रा के सफल संचालन के लिए यात्रा मार्गों पर सुरक्षा के समुचित प्रबंध सीसीटीवी कैमरों की स्थापना पुलिस बैरियर पार्किंग और होल्डिंग प्वाइंट्स की व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूरी करने के निर्देश दिए गए। होटल टैक्सी और अन्य यूनियनों के साथ समन्वय कर बैठकें आयोजित करने तथा मार्गों पर मलबा और अवरोध हटाने के निर्देश भी दिए गए। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए चिन्हित बॉटलनेक्स पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और वायरलेस सेट के माध्यम से प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने को कहा गया। दूरसंचार व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भी आवश्यक निर्देश दिए गए। आगामी दिनों में होने वाले रम्माण तिमुंड्या मेला और नीति घाटी में प्रस्तावित अल्ट्रा मैराथन को देखते हुए सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए। थाना प्रभारियों को आपदा प्रबंधन उपकरणों की जांच करने और पुलिस कर्मियों को प्रशिक्षण दिलाने को कहा गया। साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए टीमों का गठन कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण और मोटर वाहन अधिनियम के तहत अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। फायर सीजन को देखते हुए सभी थाना और फायर स्टेशन प्रभारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए। इससे पूर्व प्रयागराज महाकुंभ मेला 2025 के दौरान उत्कृष्ट कार्य के लिए हेड कॉस्टेबल अभिषेक राणा को महाकुंभ सेवा मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। उपनिरीक्षक सतेन्द्र बुटोला और अपर उपनिरीक्षक भूपेन्द्र सिंह को पुलिस मैन ऑफ द मंथ चुना गया। साथ ही अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।गोष्ठी में पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेन्द्र सिंह राणा सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
