Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में एलपीजी गैस आपूर्ति प्रणाली को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने तथा अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया के निर्देशानुसार मंगलवार को पूर्ति विभाग की टीमों द्वारा व्यापक स्तर पर औचक निरीक्षण अभियान संचालित किया गया। इस अभियान के अंतर्गत कुल 40 प्रतिष्ठानों की जांच की गयी जिनमें 6 गैस गोदाम 3 पेट्रोल पंप एवं 31 व्यावसायिक प्रतिष्ठान सम्मिलित रहे। विभिन्न क्षेत्रों में गठित दलों ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण किया। कोटद्वार क्षेत्र में 2 गैस गोदाम 1 पेट्रोल पंप तथा 1 व्यावसायिक प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया गया। दुगड्डा में 4 प्रतिष्ठानों की जांच हुई, जबकि कोट-खोलाचौरी में 1 गैस गोदाम एवं 5 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। पाबौ में 13 एवं नौगांवखाल में 8 प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इसी क्रम में लक्ष्मणझूला एवं उफरैंखाल में 1-1 गैस गोदाम थलीसैंण में 1 गैस गोदाम तथा 1 पेट्रोल पंप और चाकीसैंण में 1 पेट्रोल पंप का निरीक्षण किया गया। श्रीनगर क्षेत्र में 2 गैस गोदाम, 1 पेट्रोल पंप एवं 1 व्यावसायिक प्रतिष्ठान की जांच की गयी।जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए इस प्रकार के निरीक्षण नियमित रूप से किए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जहां भी किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाएगी वहां तत्काल प्रभाव से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रखे जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp