Spread the love

प्रदीप कुमार
थलीसैंण/श्रीनगर गढ़वाल। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संगठन को मजबूत एवं कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित मंडल प्रशिक्षण वर्ग के अंतर्गत थलीसैंण मंडल में पंचम सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में व्यस्तता के कारण वे कार्यक्रम में भौतिक रूप से उपस्थित नहीं हो सके लेकिन उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अपनी सरकारों की उपलब्धियां विषय पर विस्तार से जानकारी दी। अपने संबोधन में उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं विकास कार्यों और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इसी दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं जिससे आम जनता को अधिक लाभ मिल सके। कार्यक्रम के दौरान संगठन की मजबूती पर भी विशेष जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक सशक्त, सक्रिय और जनहित में कार्य करने का संकल्प लिया। डॉ.धन सिंह रावत ने कार्यकर्ताओं के उत्साह, समर्पण और सक्रिय सहभागिता की सराहना की। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष आनंद सिंह नेगी मंडल महामंत्री राकेश ममगाईं और मनोज रमोला जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नेगी सहित विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष बूथ अध्यक्ष बीएलए और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से किया गया। प्रशिक्षण वर्ग के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा कार्यप्रणाली और आगामी कार्यक्रमों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp