प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। पौड़ी जनपद में तकनीक और पुलिस की सक्रियता का बेहतर उदाहरण सामने आया है जहां खोया हुआ महंगा मोबाइल फोन बरामद कर उसकी स्वामिनी को सकुशल वापस सौंप दिया गया। न्यू डांग श्रीनगर गढ़वाल निवासी डॉ.कविता रावत द्वारा महिला थाना श्रीनगर में अपने आईफोन 15 के खोने की सूचना दर्ज कराई गई थी। मोबाइल की कीमत लगभग 96 हजार रुपये बताई गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला थाना श्रीनगर के प्रार्थना पत्र के आधार पर सीआईयू टीम ने तकनीकी मदद से कार्रवाई शुरू की। सीआईयू टीम ने सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से मोबाइल की लोकेशन लगातार ट्रैक की। लगातार प्रयास और तकनीकी विश्लेषण के बाद मोबाइल को उत्तर प्रदेश के एक शहर से बरामद कर लिया गया। बरामद मोबाइल को सुरक्षित रूप से वापस लाकर संबंधित स्वामिनी को सौंप दिया गया। मोबाइल मिलने पर आवेदिका ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल खोने या चोरी होने की स्थिति में तुरंत सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं ताकि समय रहते कार्रवाई कर मोबाइल की बरामदगी सुनिश्चित की जा सके।
