प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पौड़ी पुलिस ने बुलेट मोटरसाइकिल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए तीन किशोरों को संरक्षण में लिया है और चोरी गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। घटना में तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से पुलिस को सफलता मिली। घटना के संबंध में 3 अप्रैल 2026 को संजय रावत निवासी पाबो द्वारा कोतवाली पौड़ी में शिकायत दी गई थी कि 31 मार्च 2026 की रात उनकी बुलेट मोटरसाइकिल अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ली गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। निर्देशों के तहत प्रभारी निरीक्षक जयपाल सिंह नेगी के नेतृत्व में चार पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में गहन जांच के साथ पौड़ी श्रीनगर और आसपास के इलाकों में लगे लगभग 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। साथ ही लगातार चेकिंग अभियान चलाकर सूचनाएं एकत्रित की गईं। लगातार प्रयास और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने श्रीनगर क्षेत्र के तीन नाबालिगों को चिन्हित कर संरक्षण में लिया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि बुलेट मोटरसाइकिल चलाने के शौक के चलते उन्होंने यह चोरी की थी। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली। प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई करते हुए तीनों किशोरों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों की गतिविधियों मित्र मंडली और दिनचर्या पर विशेष ध्यान दें। बच्चों में अचानक व्यवहार परिवर्तन अनावश्यक खर्च या देर रात तक बाहर रहने जैसी गतिविधियों पर सतर्क रहें और उन्हें सही मार्गदर्शन देकर अपराध की राह से दूर रखें।
