Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य उत्तराखंड में 25 अप्रैल 2026 से 24 मई 2026 के बीच किया जाएगा। इस दौरान प्रगणक घर-घर जाकर निर्धारित प्रारूप के अनुसार सूचनाएं एकत्रित करेंगे। प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने बताया कि इस कार्य से पहले नागरिकों की सुविधा के लिए 10 अप्रैल 2026 से 24 अप्रैल 2026 तक स्व गणना की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। इस सुविधा के तहत नागरिक विशेष रूप से तैयार वेब पोर्टल https://se.census.gov.in के माध्यम से अपनी जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। स्व गणना की प्रक्रिया के अंतर्गत नागरिक पोर्टल पर जाकर अपने राज्य का चयन करेंगे और कैप्चा कोड दर्ज करेंगे। इसके बाद परिवार के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज कर पंजीकरण किया जाएगा तथा ओटीपी के माध्यम से सत्यापन किया जाएगा। आगे की प्रक्रिया में अपनी भाषा का चयन कर जिला पिन कोड और ग्राम या नगर की जानकारी भरनी होगी तथा मानचित्र पर अपने निवास स्थान को चिन्हित करना होगा। इसके बाद मकान सूचीकरण और गणना से संबंधित प्रश्नावली को सावधानीपूर्वक भरकर पुष्टि के बाद सबमिट करना होगा। डाटा सबमिट होने के पश्चात एक विशिष्ट एसई आईडी प्राप्त होगी जिसे सुरक्षित रखना आवश्यक है।जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि जब प्रगणक उनके घर आएं तो यह एसई आईडी अवश्य उपलब्ध कराएं जिससे दर्ज जानकारी का सत्यापन किया जा सके। उन्होंने जनपदवासियों से इस महत्वपूर्ण कार्य में सक्रिय सहयोग करने और अधिक से अधिक संख्या में स्व गणना कर इस प्रक्रिया को सफल बनाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp