Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुचारू बनाने के उद्देश्य से बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर नंदप्रयाग स्लाइडिंग जोन में सुधारीकरण कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। इस कार्य के दौरान सुरक्षा के दृष्टिगत प्रतिदिन रात्रि 9 बजे से प्रातः 5 बजे तक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। निर्धारित समय के दौरान यातायात को नंदप्रयाग कोठियालसैण मोटर मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा जिससे यात्रा व्यवस्था प्रभावित न हो और कार्य सुचारू रूप से संपन्न किया जा सके। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट और यातायात निरीक्षक दिगम्बर उनियाल द्वारा वैकल्पिक मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से संवाद कर अपील की कि सड़क किनारे वाहनों को अव्यवस्थित रूप से खड़ा न करें और केवल निर्धारित स्थानों पर ही पार्किंग करें। पुलिस प्रशासन ने सभी वाहन चालकों और आमजन से अनुरोध किया है कि वे निर्धारित समय का पालन करते हुए अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं और जारी दिशा-निर्देशों का पालन कर प्रशासन का सहयोग करें ताकि चारधाम यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संचालित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp