Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार शहर में सीवरेज कार्यों के लिए खोदी गई सड़कों के पुनर्निर्माण का कार्य तेज गति से दिन-रात किया जा रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में परियोजना प्रबंधक निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई गंगा उत्तराखंड पेयजल निगम द्वारा निर्माण कार्यों में तेजी लाई गई है। जिलाधिकारी ने हाल ही में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्देश दिए थे कि चारधाम यात्रा प्रारम्भ होने से पूर्व सभी खोदी गई सड़कों की मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्य हर हाल में पूर्ण किए जाएं ताकि स्थानीय जनता व्यापारियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। परियोजना प्रबंधक मीना मित्तल ने बताया कि केएफडब्ल्यू वित्त पोषित हरिद्वार जलोत्सारण योजना के पैकेज एक और पैकेज दो के अंतर्गत सड़क पुनर्निर्माण कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। 11 अप्रैल को पैकेज एक में इंटर कॉलेज रोड गली नंबर 6 रानी गली तथा मनसा देवी द्वार से कोतवाली अपर रोड क्षेत्र में कुल 585 मीटर सीसी और बीटी रोड का निर्माण कार्य पूर्ण किया गया।‌ इसी प्रकार पैकेज दो के अंतर्गत शिवानीपुरम में सीसी रोड निर्माण द्वारका विहार में पेवर ब्लॉक तथा लोक सेवा आयोग क्षेत्र में कुल 125 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूर्ण किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में सभी कार्यों को दिन-रात गति देकर समय पर पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है जिससे जल्द ही पूरे क्षेत्र में आवागमन सुचारु हो सकेगा और आमजन को राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp