Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क व्यवस्था लगातार सुदृढ़ हो रही है। राज्य सरकार की प्राथमिकता और मुख्यमंत्री की घोषणाओं को धरातल पर उतारने के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया की निगरानी में लोक निर्माण विभाग द्वारा विभिन्न विकासखंडों में मोटर मार्गों के निर्माण सुधार और डामरीकरण के कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन अधिक सुगम सुरक्षित और समयबद्ध हुआ है। विकासखंड रिखणीखाल में मुख्यमंत्री की घोषणा के अंतर्गत द्वारी भौन मोटर मार्ग के 5.00 किमी हिस्से का 344.02 लाख रुपये की लागत से सुधारीकरण और डामरीकरण कार्य पूर्ण किया गया। इस कार्य से ग्राम द्वारी और डुंगरियाल सहित लगभग 532 ग्रामीण सीधे लाभान्वित हुए हैं। अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग लैंसडाउन विवेक कुमार ने बताया कि राज्य योजना के अंतर्गत रिखणीखाल और बीरोंखाल क्षेत्र में कई मोटर मार्गों का पुनर्निर्माण और डामरीकरण कार्य समयबद्ध रूप से पूरा किया गया है। इनमें सिमड़ी कण्डूली छोटी मोटर मार्ग 3.00 किमी 200.68 लाख रुपये गुण्डलखेत मनीगांव घोटला मोटर मार्ग 3.00 किमी 258.98 लाख रुपये तथा कठवाणा खनसुली खनेताखाल मोटर मार्ग 3.00 किमी 260.88 लाख रुपये शामिल हैं। इन कार्यों से लगभग 660 ग्रामीणों को बेहतर यातायात सुविधा मिली है। इसी प्रकार जयहरीखाल और द्वारीखाल क्षेत्र में जौलीखाल अमाल्डू मोटर मार्ग 3.00 किमी 222.20 लाख रुपये कुल्हाड़ राजखिल बुरांसी मोटर मार्ग 3.00 किमी 231.48 लाख रुपये तथा असनखेत मंझोला मोटर मार्ग 3.00 किमी 218.66 लाख रुपये का कार्य पूर्ण किया गया है। इनसे लगभग 1060 ग्रामीणों को सुगम आवागमन की सुविधा प्राप्त हुई है। इसके अतिरिक्त निर्धारित लक्ष्य 12.25 किमी के सापेक्ष 16.40 किमी पहाड़ कटान कर पांच नए मोटर मार्गों का निर्माण भी किया गया है जिससे लगभग 735 ग्रामीण आबादी मुख्य मार्गों से जुड़ गई है। इन सभी कार्यों से स्पष्ट है कि राज्य सरकार की योजनाओं और प्रशासनिक प्रयासों के चलते जनपद में सड़क संपर्क तेजी से मजबूत हो रहा है तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को नई गति मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp