Spread the love

प्रदीप कुमार
कोटद्वार-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। एसएसपी पौड़ी के निर्देशों के क्रम में पौड़ी पुलिस द्वारा साइबर ठगों को अन्य प्रदेशों से गिरफ्तार करने की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले मुख्य अभियुक्त को गुजरात से गिरफ्तार किया गया है जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। 12 दिसंबर 2025 को वादी अनिल सिंह निवासी कोटद्वार द्वारा कोतवाली कोटद्वार में शिकायत दर्ज कराई गई कि एक अज्ञात व्यक्ति ने फेसबुक के माध्यम से शेयर मार्केट में निवेश कर अच्छा मुनाफा दिलाने के नाम पर लिंक भेजा। लिंक पर क्लिक करने के बाद वादी व्हाट्सएप ट्रेडिंग ग्रुप से जुड़ गए जहां अज्ञात व्यक्तियों द्वारा आकर्षक लाभ का लालच देकर विभिन्न माध्यमों से कुल 11 लाख 10 हजार रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी की गई। इस पर कोतवाली कोटद्वार में मामला दर्ज किया गया। एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की। निर्देशों के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर और क्षेत्राधिकारी कोटद्वार निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कोटद्वार के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। टीम ने सुरागरसी बैंक खातों के विवरण डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई। जांच के दौरान पता चला कि व्हाट्सएप ट्रेडिंग ग्रुप के माध्यम से की गई साइबर ठगी का नेटवर्क गुजरात से संचालित हो रहा है। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस के आधार पर गुजरात के विभिन्न स्थानों पर दबिश दी। लगातार प्रयासों के बाद 10 अप्रैल 2026 को अहमदाबाद से मुख्य अभियुक्त रहेवर राजेन्द्र सिंह को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए शेयर मार्केट में अधिक मुनाफा दिलाने का लालच देकर लोगों से ऑनलाइन ठगी करते थे। मामले में अन्य आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त रहेवर राजेन्द्र सिंह निवासी हरिदर्शन पार्क सोसायटी अमरावदी अहमदाबाद गुजरात है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजाराम डोभाल हेड कांस्टेबल उत्तम सिंह चौहान और कांस्टेबल राजेश कुमार स्वामी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp