Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। आगामी चारधाम यात्रा को सकुशल सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संचालित करने के उद्देश्य से श्रीनगर में अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन ए पी अंशुमान द्वारा 15 अप्रैल 2026 को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा यातायात प्रबंधन और समग्र व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में संभावित अधिक श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ते यातायात दबाव दुर्घटना संभावित स्थानों संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की सुरक्षा पार्किंग व्यवस्था रूट डायवर्जन योजना और आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि यात्रा मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए और यातायात का संचालन चरणबद्ध और सुचारु रूप से किया जाए। प्रमुख स्थलों पर बैरिकेडिंग और साइन बोर्ड की उचित व्यवस्था सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी कंट्रोल रूम की सक्रियता तथा मेडिकल और रेस्क्यू टीमों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही धामों में मौसम और मार्गों की स्थिति तथा श्रद्धालुओं की संख्या की लगातार निगरानी करने और आवश्यक जानकारी श्रद्धालुओं तक समय पर पहुंचाने के लिए भी कहा गया। बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को नियमित रूप से ब्रीफ किया जाए और उन्हें श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने के लिए प्रेरित किया जाए। श्रीनगर को चारधाम यात्रा का मुख्य पड़ाव मानते हुए यहां सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने पर विशेष जोर दिया गया ताकि यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में क्षेत्राधिकारी श्रीनगर अनुज कुमार क्षेत्राधिकारी पौड़ी तुषार बोरा प्रभारी निरीक्षक श्रीनगर कुलदीप नेगी प्रभारी महिला थाना प्रियंका भारद्वाज सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं की सुरक्षित सुगम और व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp