Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को शुद्ध और गुणवत्ता युक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने तथा मिलावट और ओवररेटिंग पर रोक लगाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने खाद्य सुरक्षा विभाग को जनपद में लगातार छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इन निर्देशों के क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा होटल ढाबों दुकानों और रेस्टोरेंट में सघन निरीक्षण और कार्रवाई की जा रही है। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा महिमानंद जोशी ने बताया कि राज्य स्तर के निर्देशों के तहत चारधाम यात्रा मार्ग चिड़ियापुर क्षेत्र में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन के नेतृत्व में टीम द्वारा निरीक्षण किया गया। इस दौरान 9 ढाबों और होटलों तथा एक होलसेलर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान असवाल ग्रीन वैली ढाबा में फूड लाइसेंस प्रदर्शित नहीं पाया गया जिस पर मौके पर ही संचालक को नोटिस जारी करते हुए दो दिन के भीतर लाइसेंस बनवाकर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। कोल्ड ड्रिंक और शाही जीरा पेय पदार्थ को लेकर मिल रही शिकायतों के आधार पर दो नमूने जांच के लिए लिए गए। शाही जीरा पेय पदार्थ की बोतलों पर एक्सपायरी तिथि अंकित न होने और विक्रय इनवॉइस पर फूड लाइसेंस संख्या दर्ज न होने पर संबंधित निर्माता कंपनी को नोटिस जारी किया गया है। साथ ही होलसेलर को निर्देश दिए गए हैं कि इन बोतलों का विक्रय रोककर उन्हें बाजार से वापस लिया जाए और इसकी रिपोर्ट विभाग को दी जाए। डाइट कोक पेय पदार्थ पर नो शुगर और नो कैलोरी के दावे की सत्यता की जांच के लिए संबंधित कंपनी से आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं। नगर निगम क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश टम्टा द्वारा निरीक्षण के दौरान दूध के दो और मावा का एक नमूना जांच के लिए लिया गया। वहीं रुड़की क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव द्वारा कोर कॉलेज से नारसन बॉर्डर तक होटल और ढाबों का निरीक्षण कर अरहर दाल पैक्ड पेयजल मियोनीज और बेसन के नमूने जांच के लिए भेजे गए। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा 2026 को ध्यान में रखते हुए जनपद भर में यह अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp