Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के तहत गंगा की निर्मलता पर्यावरण की सुरक्षा और नागरिक सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मेला प्रशासन ने हरिद्वार के श्मशान घाटों के सुधार एवं सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इस संबंध में कनखल एवं खड़खड़ी स्थित श्मशान घाट सेवा समितियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर कई अहम निर्णय लिए गए। सीसीआर भवन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता अपर मेला अधिकारी दयानंद ने की। उन्होंने बताया कि आगामी कुंभ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संपूर्ण कुंभ क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। साथ ही कुंभ नगरी के सौंदर्यीकरण गंगा नदी की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार एक प्रमुख धार्मिक नगरी है जहां दूर-दराज से दाह संस्कार के लिए लोग पहुंचते हैं। इसको ध्यान में रखते हुए श्मशान घाटों के सुधार और विस्तार की आवश्यकता है। बैठक में खड़खड़ी और कनखल श्मशान घाट सेवा समितियों से सुझाव लिए गए और उनकी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में खड़खड़ी श्मशान घाट पर चिमनियों की ऊंचाई बढ़ाने शवदाह प्लेटफार्म के आधुनिकीकरण और प्रतीक्षालय निर्माण जैसे कार्यों पर सहमति बनी। वहीं कनखल श्मशान घाट में भी सेवा समिति के सुझावों के अनुसार सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए विभिन्न कार्य किए जाएंगे। अपर मेला अधिकारी ने बताया कि दोनों श्मशान घाटों में घेराबंदी सुरक्षा व्यवस्था जलापूर्ति और प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा। साथ ही कनखल और खड़खड़ी श्मशान घाटों में गैस आधारित शवदाह गृह की स्थापना के प्रस्ताव को राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन द्वारा सहमति मिल चुकी है और इसकी औपचारिक स्वीकृति जल्द मिलने की संभावना है। उन्होंने सेवा समितियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें श्मशान घाटों के बेहतर प्रबंधन के माध्यम से गंगा और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।‌ बैठक में खड़खड़ी श्मशान घाट सेवा समिति के अध्यक्ष जगत सिंह कनखल श्मशान घाट सेवा समिति के महामंत्री रामकुमार मिश्रा संरक्षक प्रदीप चौधरी अश्विनी गुप्ता जतिन होरा शुभम अग्रवाल अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल अधिशासी अभियंता दिनेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp