Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा को सुगम सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से ऋषिकुल मैदान में बनाए जा रहे यात्री पंजीकरण केंद्र का जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने निरीक्षण कर तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जिला पर्यटन अधिकारी संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदार को निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के ऑफलाइन पंजीकरण के लिए शेष सभी व्यवस्थाएं आज देर शाम तक हर हाल में पूर्ण की जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने पंजीकरण केंद्र में सीसीटीवी कैमरे लगाने यात्रियों के बैठने की उचित व्यवस्था पेयजल कूलर और पर्याप्त पंखों की व्यवस्था बाजूला टेंट तैयार करने फायर सिस्टम एवं स्वच्छता के बेहतर प्रबंधन के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य सुविधाओं और स्टैंड पोस्ट पर जल निकासी एवं साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने पंजीकरण केंद्र पर तैनात कार्मिकों को निर्देशित किया कि यात्रियों से शालीनता और मधुर व्यवहार रखें तथा पंजीकरण प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संचालित करें। लाइन में खड़े यात्रियों का प्राथमिकता से पंजीकरण कराने पर भी जोर दिया गया। साथ ही सभी कर्मचारियों के आईडी कार्ड जारी करने के निर्देश दिए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि चारधाम यात्रा के लिए ऋषिकुल मैदान में पंजीकरण कार्य अगले दिन से शुरू किया जाएगा। यात्रियों के लिए चमगादड़ टापू में होल्डिंग एरिया बनाया गया है। सुरक्षा और सुविधा के लिए 7 अस्थायी पुलिस चौकियां और 10 पर्यटन पुलिस बूथ स्थापित किए गए हैं जो यात्रियों को मार्गदर्शन देंगे। उन्होंने बताया कि एनडीआरएफ की 35 सदस्यीय टीम और एसडीआरएफ की दो टीमें तैनात की गई हैं तथा यातायात के लिए डायवर्जन प्लान भी तैयार किया गया है। जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल ने बताया कि ऋषिकुल मैदान में 20 पंजीकरण काउंटर स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा आधार आधारित पंजीकरण न होने की स्थिति में थंब और फेस स्क्रीनिंग के लिए 2 अलग काउंटर बनाए गए हैं। इन काउंटरों पर 24 घंटे शिफ्टवार कार्मिक तैनात रहेंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए 15 मोबाइल टीमें भी लगाई गई हैं जो धर्मशालाओं और आश्रमों में ठहरे यात्रियों का पंजीकरण करेंगी। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान सचिव एचआरडीए मनीष कुमार उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान एसीएमओ डॉ.अनिल कुमार गोयल सीओ ट्रैफिक बिपेंद्र सिंह अधिशासी अभियंता दीपक कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp