Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत टिहरी पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में चंबा और घनसाली क्षेत्र में बंद घरों के ताले तोड़कर चोरी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में अपराधियों विशेष रूप से अवैध हथियारों की तस्करी और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक और पुलिस उपाधीक्षक चंबा के पर्यवेक्षण में थाना चंबा पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम द्वारा सुरागरसी करते हुए थाना चंबा में दर्ज मामले में कार्रवाई कर अभियुक्त की पहचान की गई। 17 अप्रैल 2026 को चौकी नागणी क्षेत्र से अभियुक्त आकाश सिंह निवासी ग्राम किगड़ी गवाड़ी थाना सतपुली जनपद पौड़ी गढ़वाल को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से चोरी का सामान जिसमें पायल ब्रेसलेट नकदी के साथ एक अवैध चाकू बरामद किया गया। अवैध चाकू की बरामदगी के आधार पर अलग से मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है। अभियुक्त को न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। पूछताछ में अभियुक्त ने श्रीनगर घनसाली ऋषिकेश लंबगांव और चंबा क्षेत्रों में कई चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। इसके अलावा उसने महाराष्ट्र के पुणे में भी चोरी की घटनाओं में संलिप्तता की बात कही है। अन्य थानों की पुलिस भी अभियुक्त से पूछताछ की तैयारी कर रही है और उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रवि कुमार सहायक उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार सहायक उपनिरीक्षक अश्विनी कुमार कांस्टेबल चंद्र मोहन और हरेन्द्र सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp