Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल।चारधाम यात्रा 2026 को सुरक्षित सुव्यवस्थित और सफल बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने यात्रा ड्यूटी में तैनात पर्यटक पुलिस और अन्य पुलिस बल की विस्तृत ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ब्रीफिंग के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा यातायात प्रबंधन भीड़ नियंत्रण आपदा प्रबंधन और आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस कर्मियों को ड्यूटी के दौरान सतर्क संवेदनशील और अनुशासित रहते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान अत्यधिक दबाव के बावजूद पुलिस कर्मी धैर्य बनाए रखें और किसी भी स्थिति में असंयमित न हों। श्रद्धालुओं के साथ मृदु शालीन और सहयोगात्मक व्यवहार को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। अनुचित व्यवहार की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। पर्यटन पुलिस और स्थानीय पुलिस को बेहतर संवाद और व्यवहारिक दक्षता विकसित करने के लिए विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान प्रोफेसर राकेश चौधरी और सहायक प्रोफेसर जितेंद्र नौटियाल ने संवाद कौशल और पर्यटकों से व्यवहार के बारे में जानकारी दी। राजकीय चिकित्सालय नरेंद्र नगर के डॉ अनुराग अग्रवाल द्वारा पुलिस कर्मियों को आपातकालीन परिस्थितियों में प्राथमिक उपचार और सीपीआर देने का प्रशिक्षण भी दिया गया जिससे किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए प्रत्येक पुलिस कर्मी की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने टीम भावना के साथ कार्य करते हुए यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा अनुभव देने के लिए प्रेरित किया। जनपद पुलिस द्वारा चारधाम यात्रा के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक दीपक सिंह क्षेत्राधिकारी नरेंद्र नगर सुरेंद्र भंडारी सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp