Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा पर आने वाले तीर्थ यात्रियों को शुद्ध एवं गुणवत्ता युक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध हों तथा खाद्य पदार्थों में किसी प्रकार की मिलावट और ओवर रेटिंग न हो इसके लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने खाद्य सुरक्षा विभाग को जनपद में संचालित हो रहे होटल ढाबों दुकानों और रेस्टोरेंट में निरंतर छापेमारी की कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा महिमानंद जोशी ने जानकारी दी कि आयुक्त खाद्य सुरक्षा उत्तराखंड देहरादून सचिन कुर्वे एवं जिलाधिकारी हरिद्वार के निर्देशों के क्रम में चारधाम यात्रा 2026 को देखते हुए जनपद में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 17 अप्रैल को खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश टम्टा द्वारा रोड़ी बेलवाला ज्वालापुर एवं सीतापुर क्षेत्रों में लगभग 10 से 12 खाद्य प्रतिष्ठानों जैसे होटल रेस्टोरेंट ढाबा एवं फुटकर विक्रेताओं का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान तीन खाद्य प्रतिष्ठानों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 55 के तहत नोटिस जारी किए गए। साथ ही खाद्य विक्रेताओं को अपने प्रतिष्ठानों पर खाद्य लाइसेंस एवं फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड अनिवार्य रूप से चस्पा करने के निर्देश दिए गए जिसमें विभागीय टोल फ्री नंबर अंकित हो। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रुड़की और भगवानपुर पवन कुमार द्वारा नगर निगम क्षेत्र रुड़की में विभिन्न होटल एवं रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य मानकों के अनुरूप कार्मिकों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट और पानी की जांच रिपोर्ट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही होटल और रेस्टोरेंट में कार्यरत कार्मिकों को फोस्टैक प्रशिक्षण के लिए भी निर्देशित किया गया जिस पर सभी खाद्य कारोबारियों ने सहमति व्यक्त की। चारधाम यात्रा 2026 के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा इस प्रकार की कार्रवाई पूरे जनपद में लगातार जारी रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp