Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार में चारधाम यात्रा शुरू होने से एक दिन पूर्व हर की पैड़ी पर आयुक्त गढ़वाल मंडल विनय शंकर पांडे आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने मां गंगा की पूजा-अर्चना कर यात्रा के निर्विघ्न सुरक्षित और सफल संचालन की कामना की। इस अवसर पर आयुक्त गढ़वाल मंडल ने कहा कि हरिद्वार चारधाम यात्रा का प्रवेश द्वार है जहां से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आगे की यात्रा के लिए प्रस्थान करते हैं। ऐसे में प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि ऋषिकुल मैदान में पंजीकरण काउंटर स्थापित किए गए हैं जहां यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। साथ ही यात्रा के दौरान ओवर रेटिंग पर नियंत्रण मौसम की जानकारी समय-समय पर उपलब्ध कराने और अन्य आवश्यक सुविधाओं को सुनिश्चित किया गया है। आयुक्त ने बताया कि पिछले वर्ष लगभग 51 लाख श्रद्धालुओं ने चारधाम यात्रा की थी जबकि इस वर्ष यात्रा शुरू होने से पहले ही 18 लाख से अधिक श्रद्धालु ऑनलाइन पंजीकरण करा चुके हैं जिससे इस बार भी भारी भीड़ की संभावना है। इसी को देखते हुए सुरक्षा यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को मजबूत किया गया है। इस अवसर पर गंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम महामंत्री तन्मय वशिष्ठ क्षेत्राधिकारी सिटी शिशुपाल सिंह नेगी उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान सहित अन्य अधिकारी और गंगा सभा के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp