Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल में हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के लोक कला एवं संस्कृति निष्पादन केंद्र द्वारा आयोजित नरेन्द्र संगीत सप्ताह के दूसरे दिन विभिन्न जनपदों से आए कलाकारों ने अपने सुरीले गायन से कार्यक्रम को यादगार बना दिया। रुद्रप्रयाग देहरादून कोटद्वार पौड़ी श्रीनगर और पैठाणी से पहुंचे गायकों ने नरेन्द्र सिंह नेगी के गीतों को भावपूर्ण अंदाज में प्रस्तुत कर श्रोताओं का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दूसरे दिन का शुभारंभ करते हुए बुद्ध ज्ञान परंपरा और बौद्ध तीर्थस्थलों के जानकार जगदीश चमोला ने कहा कि लोक संस्कृति के क्षेत्र में इस तरह के आयोजन अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं में लोक संस्कृति के प्रति संवेदना विकसित करने में अहम भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम में बिहार के छात्र सौरभ राज ने नरेन्द्र सिंह नेगी का गीत प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। रुद्रप्रयाग से आए गायक मनमोहन सिंह कपरवाण ने भी अपने गायन से सभी को प्रभावित किया। इसके अलावा लाजवंती कोटद्वार पूजा ध्यानी अमोली देहरादून अरुण भट्ट पैठाणी होशियार सिंह कल्जीखाल निधि डुंगरियाल अल्का आर्य और अनुष्का विलियम श्रीनगर सहित अन्य कलाकारों ने भी शानदार प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में लंबे समय से सांस्कृतिक मंचों पर सक्रिय गायक विवेक नौटियाल ने भी नरेन्द्र सिंह नेगी के गीत प्रस्तुत किए। समापन अवसर पर प्रतिभागी कलाकारों को प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह प्रदान किए गए। इस दौरान चित्रकार और कवि जय कृष्ण पैन्यूली माटी ने कहा कि यह आयोजन उत्तराखंड की लोक संस्कृति को समर्पित है और लोकगायक नरेन्द्र सिंह नेगी के प्रति सम्मान प्रकट करता है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रोताओं की उपस्थिति रही, जिन्होंने पूरे उत्साह के साथ लोकगीतों का आनंद लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp