Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध और गुणवत्ता युक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने खाद्य सुरक्षा विभाग को जनपद में लगातार छापेमारी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों में किसी प्रकार की मिलावट और अधिक मूल्य वसूली पर सख्त कार्रवाई की जाए। इन निर्देशों के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जनपद के होटल ढाबों दुकानों और रेस्टोरेंट में लगातार कार्रवाई की जा रही है। सहायक आयुक्त और जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि चारधाम यात्रा 2026 को देखते हुए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सिडकुल से प्राप्त सूचना के आधार पर वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन के नेतृत्व में टीम का गठन कर मिठाई सप्लाई कर रहे बोलेरो वाहन पर छापेमारी की गई। टीम ने वाहन में रखे मिठाइयों के कार्टन बक्सों और टीन की गहन जांच की। लगभग तीन घंटे चली कार्रवाई के दौरान पांच कार्टन में रखे करीब 35 किलो बूंदी लड्डू एक कार्टन में करीब 5 किलो मिल्क केक और एक टीन में लगभग 16 किलो सफेद रसगुल्ला खराब पाए जाने पर जब्त किए गए। मौके पर तीनों मिठाइयों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए और लगभग 50 किलो मिठाइयों को गड्ढा खुदवाकर नष्ट कराया गया।पूछताछ में विक्रेता ने बताया कि वह रावली महदूद सिडकुल क्षेत्र में मिठाइयों का विक्रय करता है। मौके पर ही उसे तापमान नियंत्रित वाहन में मिठाइयों का परिवहन करने और साफ-सुथरे टीन में भंडारण करने के निर्देश देते हुए नोटिस जारी किया गया। संबंधित विक्रेता के खिलाफ खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम 2006 के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp