Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी के निर्देशन में जनपद में नशा और साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस द्वारा लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत स्कूलों कॉलेजों संस्थानों और आमजन के बीच पहुंचकर नशे के दुष्प्रभावों और साइबर ठगी से बचाव की महत्वपूर्ण जानकारी दी जा रही है। इसी क्रम में 18 अप्रैल 2026 को सेंट थॉमस स्कूल पौड़ी में एंटी ड्रग्स डे कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक संचार अनूप काला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही कोतवाली पौड़ी पुलिस टीम से महिला उपनिरीक्षक हेमलता और उपनिरीक्षक प्रवीण सिंह ने भी सहभागिता कर विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। अपने संबोधन में अनूप काला ने कहा कि नशा एक ऐसी बुराई है जो धीरे-धीरे व्यक्ति की सोच स्वास्थ्य और उसके भविष्य को प्रभावित कर देती है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने जीवन के लक्ष्यों को स्पष्ट रखें और किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहें। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को बताया गया कि नशे की लत व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से कमजोर बनाती है और इसके सामाजिक प्रभाव भी गंभीर होते हैं। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को अच्छी संगति अनुशासन और सकारात्मक सोच अपनाने की सलाह दी और अपने समय का सही उपयोग कर लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp