Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद के दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में जनसंचार सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई।बैठक में विभिन्न क्षेत्रों में कमजोर मोबाइल नेटवर्क और कनेक्टिविटी से जुड़ी समस्याओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने भिलंगना विकासखंड के गंगी पिनस्वाड़ सेमल्थ गेवली सेन्दुल, द्वारी देवलंगी मुयालगांव गेंवाली और नैल बौंसला सहित अन्य दूरस्थ क्षेत्रों में नेटवर्क समस्या पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मजबूत जनसंचार व्यवस्था आपदा प्रबंधन शिक्षा स्वास्थ्य सेवाओं और समग्र विकास के लिए बेहद जरूरी है। बैठक में बीएसएनएल के अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने बीएसएनएल को निर्देश दिए कि चिन्हित क्षेत्रों में तकनीकी टीम भेजकर स्थलीय निरीक्षण किया जाए और 30 अप्रैल 2026 तक विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही जहां नए मोबाइल टावर की आवश्यकता है वहां प्रस्ताव तैयार कर अगली बैठक में प्रस्तुत करने को कहा गया। उन्होंने सभी सेवा प्रदाता कंपनियों के बीच समन्वय स्थापित कर नेटवर्क समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को बेहतर संचार सुविधाएं मिल सकें। संबंधित विभागों को भी समयबद्ध और प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। बैठक में ग्राम प्रधान सेन्दुल केमरा अमित जोशी सेमल्थ के अमित गौड़ पिनस्वाड़ के दिनेश बिष्ट द्वारी की अनुसूया देवी नैल बौंसला की कुसुम नौटियाल धर्म सिंह जखेड़ी सुरेन्द्र सिंह सहित विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि और शिकायतकर्ता उपस्थित रहे। बीएसएनएल के अधिकारी भी मौजूद रहे जबकि अन्य दूरसंचार कंपनियों के प्रबंधक वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp