Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल में श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा 2026 को लेकर चमोली पुलिस ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए 22 अप्रैल 2026 को जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने श्री बद्रीनाथ धाम स्थित कृष्ण प्रणामी हॉल में यात्रा ड्यूटी में तैनात पुलिस बल की ब्रीफिंग की। ब्रीफिंग के दौरान पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट ने बाहरी जनपदों से आए पुलिस बल को क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों से अवगत कराते हुए यात्रा के लिए तैयार किए गए विस्तृत यातायात प्लान की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा पर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु के लिए सुरक्षित सरल और सुगम व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि भीड़ नियंत्रण के साथ यात्रियों के साथ अतिथि देवो भवः और उत्तराखंड पुलिस की थीम मित्रता सेवा सुरक्षा के अनुरूप व्यवहार किया जाए ताकि श्रद्धालु सकारात्मक अनुभव लेकर लौटें। अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित तरीके से कतारबद्ध कर दर्शन कराए जाएं। यात्रा मार्ग मौसम और अन्य आवश्यक सूचनाएं समय-समय पर सोशल मीडिया बैरियर ड्यूटी और पर्यटन पुलिस केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएं। किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल उच्च अधिकारियों को सूचित कर उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। धाम की पवित्रता बनाए रखने के लिए यात्रा मार्ग और मंदिर परिसर में नशीले पदार्थों और तंबाकू के सेवन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही पुलिसकर्मियों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने की हिदायत दी गई।जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि ड्यूटी का निर्वहन ईमानदारी और स्मार्ट तरीके से किया जाए। श्रद्धालुओं को सहज और सुगम यात्रा अनुभव देना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी से यात्रियों के साथ विनम्र और मृदु व्यवहार रखने को कहा। इस ब्रीफिंग के साथ चमोली पुलिस ने चारधाम यात्रा 2026 के सफल संचालन के लिए अपनी तैयारियों को और मजबूत कर लिया है। इस वर्ष भी यात्रा के शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न होने की उम्मीद जताई गई है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा मुख्य अग्निशमन अधिकारी गिरीश बिष्ट सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp