Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार में शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने हरिद्वार का भ्रमण कर कुंभ मेला 2027 की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी कार्यों को समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि हरिद्वार कुंभ नगरी के रूप में देश की आध्यात्मिक राजधानी है इसलिए कुंभ मेला 2027 को दिव्य भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार इस महाआयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है और केंद्र सरकार का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। मेला नियंत्रण भवन में आयोजित बैठक में मंत्री ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों के सुधार पर्याप्त पार्किंग बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन घाटों के अनुरक्षण और विस्तार स्ट्रीट लाइट शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिल सके। उन्होंने कहा कि कुंभ से जुड़े सभी कार्यों को सामूहिक जिम्मेदारी के साथ तेजी से पूरा किया जाए और गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न हो। उन्होंने साधु-संतों और अखाड़ों के सहयोग से व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। बैठक में जानकारी दी गई कि कुंभ मेला 2027 के लिए राज्य स्तर से 55 कार्य स्वीकृत किए गए हैं जिनमें 36 स्थायी और 19 अस्थायी कार्य शामिल हैं। अधिकांश कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और कई परियोजनाएं प्रगति पर हैं। केंद्र सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई 500 करोड़ की धनराशि से भी विभिन्न विकास कार्य किए जाएंगे। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि हरिद्वार में अतिक्रमण हटाने और स्वच्छता को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर किए जा रहे इंतजामों की जानकारी दी जिसमें कुंभ के दौरान 32 सेक्टरों में अस्थायी पुलिस थाने और बाहरी क्षेत्रों में स्थायी पुलिस थानों की स्थापना शामिल है। नगर निगम द्वारा स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 13 हजार शौचालय और 8 हजार मूत्रालय स्थापित किए जाएंगे तथा सफाई व्यवस्था की डिजिटल निगरानी की जाएगी। भ्रमण के दौरान मंत्री ने विभिन्न संतों और धार्मिक संस्थानों के प्रमुखों से भेंट कर आशीर्वाद लिया और कुंभ के सफल आयोजन के लिए सहयोग का आग्रह किया। उन्होंने सीसीआर भवन सहित अन्य निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जनप्रतिनिधि प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp