प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल।हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय को National Testing Agency द्वारा 11 मई से आयोजित होने वाली CUET UG परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र के रूप में चयनित किया गया है। इस संबंध में NTA एवं TCS द्वारा औपचारिक पुष्टि कर दी गई है। यह निर्णय विश्वविद्यालय और क्षेत्रीय शिक्षा व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। परीक्षा केंद्र स्थापित होने से गढ़वाल एवं आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अब परीक्षा देने के लिए दूरस्थ शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा। इससे न केवल उनकी यात्रा संबंधी कठिनाइयां समाप्त होंगी बल्कि समय धन और ऊर्जा की भी बचत होगी। स्थानीय स्तर पर परीक्षा केंद्र उपलब्ध होने से अधिक संख्या में छात्र-छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित होने की संभावना है। साथ ही परीक्षा प्रक्रिया अधिक सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सकेगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की है। कुलपति प्रोफेसर प्रकाश सिंह ने प्रो. वाई.पी.रैवानी,डॉ.अमरजीत सिंह परिहार एवं डॉ.प्रीतम नेगी को इस दिशा में किए गए प्रयासों के लिए बधाई दी। इसी क्रम में विश्वविद्यालय ने मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा केंद्र स्थापित करने की अधिसूचना भी जारी की है। यह निर्णय विश्वविद्यालय की 24वीं विद्यापरिषद की बैठक में की गई अनुशंसा के आधार पर लिया गया जिसे 32वीं कार्यपरिषद की बैठक में औपचारिक रूप से अनुमोदन प्रदान किया गया। कुलसचिव वाई.पी.रैवानी ने जानकारी दी कि यह केंद्र विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के मुक्त एवं दूरस्थ ज्ञान अर्जन कार्यक्रम एवं ऑनलाइन कार्यक्रम विनियम 2020 के प्रावधानों के अनुरूप स्थापित किया गया है। यह केंद्र निर्धारित दिशानिर्देशों एवं मानकों के अनुसार कार्य करेगा। इस केंद्र की स्थापना से दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के अधिक अवसर मिलेंगे तथा ऑनलाइन एवं दूरस्थ शिक्षा प्रणाली को मजबूती मिलेगी। दोनों निर्णय विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता क्षेत्रीय विकास और विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखे जा रहे हैं।
